NRI बॉयफ्रेंड ने शादी का झांसा देकर किया रेप:फेसबुक पर हुई दोस्ती, नवांशहर से लुधियाना लाकर बनाए संबंध, विदेश बुलाकर किया शारीरिक शोषण

लुधियाना 09 Jul 2026

नवांशहर की एक युवती के साथ उसके NRI बॉयफ्रेंड ने कई बार रेप किया। बॉयफ्रेंड ने उसे शादी का झांसा दिया और पहले लुधियाना में उसके साथ रेप किया। फिर विदेश जाकर उसे वहीं बुलाया। करीब एक साल तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा।

युवती जब वापस नवांशहर आई तो बॉयफ्रेंड ने उसके साथ शादी करने से मना कर दिया। गर्लफ्रेंड आरोपी बॉयफ्रेंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए नवांशहर से लेकर लुधियाना के चक्कर लगाती रही, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला, FIR दर्ज करने के निर्देश

गर्लफ्रेंड ने उसके बाद पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई कतरे हुए हाईकोर्ट ने लुधियाना पुलिस को इस मामले में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। लुधियाना पुलिस ने थाना सलेम टाबरी में आरोपी बॉयफ्रेंड जतिंदर कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है।

दोस्ती से लेकर पीड़िता के साथ रेप करने तक की पूरी कहानी, जानिए…

  • फेसबुक पर हुई दोस्ती: पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात फेसबुक के जरिए 2019 में हुई। कुछ दिन बाद दोनों में बातचीत होने लगी। उसके बाद दोनों ने नंबर शेयर किए। दोनों की दोस्ती हो गई और धीरे-धीरे प्यार हो गया।
  • 2021 में नवांशहर आया बॉयफ्रेंड: पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने कहा कि आरोपी जतिंदर कुमार 2021 में भारत आया। दोनों का मिलना जुलना शुरू हुआ। आरोपी उसे बड़े-बड़े सपने दिखाने लगा और उससे शादी करने का वादा किया।
  • पीड़िता को लेकर लुधियाना आया: साल 2022 में आरोपी जतिंदर कुमार पीड़िता को बहला-फुसलाकर नवांशहर से लुधियाना ले गया। वहां वह उसे जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी के पीछे एक किराए के कमरे में लेकर गया। आरोप है कि इसी कमरे में आरोपी ने शादी का झांसा देकर पहली बार युवती के साथ उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
  • विदेश बुलाकर भी किया शारीरिक शोषण: लुधियाना में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जतिंदर कुमार वापस विदेश चला गया। विदेश जाने के बाद उसने युवती को शादी का झांसा देकर विदेश बुला लिया। अपने बॉयफ्रेंड पर भरोसा करके पीड़िता भी विदेश चली गई। पीड़िता का आरोप है कि विदेश में रहने के दौरान भी आरोपी जतिंदर कुमार काफी समय तक लगातार शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप करता रहा।
  • भारत लौटते ही शादी से मुकरा: साल 2023 में पीड़िता वापस भारत लौट आई। इसके बाद जब 14 नवंबर 2023 को आरोपी जतिंदर कुमार भी भारत वापस आया, तो पीड़िता और उसके परिवार ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया। लेकिन आरोपी जतिंदर कुमार अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया और उसने युवती से शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
  • हाईकोर्ट में दायर की याचिका: आरोपी के इस धोखे से आहत होकर पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उसने उच्च न्यायालय का रुख किया। हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद, अदालत के सख्त आदेशों पर पुलिस ने आरोपी जतिंदर कुमार के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की अगली कानूनी जांच शुरू कर दी है।

मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

थाना सलेम टाबरी के एसएचओ हर्षवीर सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के डायरेक्शन पर आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनका कहना है कि इस मामले की जांच एक महिला अधिकारी को सौंपी गई है।