केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा में चूक:एमपी में एक्सप्रेस-वे पर गुजरते काफिले के सामने आए 3 युवक; 120 की रफ्तार में थीं गाड़ियां

रतलाम 09 Jul 2026

रतलाम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा में गुरुवार दोपहर चूक का मामला सामने आया है। 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गडकरी के काफिले के सामने अचानक तीन युवक आ गए। घटना रतलाम जिले के शिवगढ़ ब्रिज के पास की है।

केंद्रीय मंत्री के काफिले में शामिल वाहन इन ग्रामीणों के बगल से गुजरते हुए दूसरी लेन से निकल गए। इन गाड़ियों की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

गुजरात जा रहे थे नितिन गडकरी

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। दिख रहा है कि हाईवे के बीच में खड़े तीन युवक गाड़ियों को रुकने का इशारा कर रहे हैं।

गडकरी बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे थे। उन्होंने बूंदी से कोटा तक करीब 90KM की दूरी में एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। इसके बाद वे गुजरात जा रहे हैं। इसी दौरान गुरुवार को रतलाम से भी गुजरे थे।

ग्रामीण बोले- युवक बच्चों को सड़क पार करा रहे थे

पुलिस ने मामले की पड़ताल की। युवकों के नाम शांतिलाल (32), नंदलाल भाभर (30) और दिनेश भाभर (30) हैं। ये सभी निमकोपाड़ा पलसोड़ी गांव के रहने वाले हैं।

युवकों ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे हाईवे के दूसरी तरफ बने स्कूल में पढ़ते हैं। गुरुवार को भी वे बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, जिसके लिए वे गाड़ियों को रुकने का इशारा कर सड़क पार कर रहे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें केंद्रीय मंत्री गडकरी के काफिले के यहां से गुजरने की कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।