श्रीलंका अंडर-19 ने तीसरे यूथ वनडे में भारत को 1 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने वीके विनीत के शतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर एक विकेट रहते टारगेट हासिल कर लिया।
हम्बनटोटा में खेले गए मुकाबले में 9 विकेट गंवा चुकी श्रीलंका को आखिरी ओवर में 11 रन की जरुरत थी। चमिका हीनातिगला ने पहले चौका-छक्का लगाया और आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर टीम को जीत दिला दी। चमिका ने 68 गेंद पर नाबाद 84 रन बनाए।
विनीत ने 131 रन बनाए, लक्ष्य की फिफ्टी
भारत के लिए वीके विनीत ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 136 गेंदों पर 13 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 131 रन बनाए। लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों पर 7 चौकों के साथ 61 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला।
हालांकि, भारतीय टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका। कप्तान यशवर्धन चौहान 6 रन और रजत बघेल 14 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए। कुशाग्र ओझा ने 3, अर्जुन राजपूत ने 14 रन बनाए। सातवें नंबर पर उतरे शाविन विनोद ने 31 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 26 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि मोहित 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रीलंका की ओर से सेथमिका सेनेविरात्ने ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। गिम्हान मेंडिस को 2 और कविजा गामगे को 1 विकेट मिला।




