अयातुल्ला खामेनेई के तबाह घर का VIDEO:ईरान ने अंतिम संस्कार के ठीक पहले जारी किया, अमेरिका-इजराइल ने एक साथ 35 मिसाइलें गिराई थीं

तेहरान 09 Jul 2026

ईरान सरकार ने बुधवार देर रात पहली बार दिवंगत सर्वोच्च नेता सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के आवासीय परिसर पर हुए हमले और उससे हुई तबाही का आधिकारिक वीडियो जारी किया।

वीडियो 35 सेकेंड का है। यह ऐसे समय आया है, जब राजधानी तेहरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम चल रहा है। आज उन्हें मशहद में दफनाया जाएगा।

खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले के पहले दिन मारे गए थे। हमले में उनके परिवार के कई सदस्यों और 40 अफसरों की जान भी गई थी। इसमें खामेनेई की 14 महीने की पोती भी शामिल थी। अमेरिका-इजराइल ने एक साथ 35 मिसाइलें गिराई थीं।

खामेनेई के आवास का नाम ‘बैत-ए-रहबरी’ था, सामान्य सा दिखता था

खामेनेई के आवास का नाम ‘बैत-ए-रहबरी’ था। यह अत्यधिक सुरक्षित सरकारी परिसर था, जो तेहरान के मध्य में स्थित था। यही उनका आधिकारिक आवास, कार्यालय और सत्ता का प्रमुख केंद्र था। आवास की खासियत…

  • साधारण बाहरी स्वरूप: बाहर से यह परिसर अपेक्षाकृत सादा दिखता था। इसमें भव्य महलों जैसी सजावट नहीं थी।
  • इमाम खोमैनी हुसैनिया: यह परिसर के भीतर एक बड़ा सभा हॉल था, जहां खामेनेई धार्मिक नेताओं, सरकारी अधिकारियों, विदेशी प्रतिनिधियों और आम लोगों से मुलाकात करते थे। महत्वपूर्ण भाषण देते थे। हाल में जारी वीडियो में इसी हॉल को भारी नुकसान हुआ दिखाया गया है।
  • कई इमारतों वाला परिसर: यह केवल एक मकान नहीं था, बल्कि इसमें कार्यालय, बैठक कक्ष, सुरक्षा सुविधाएं, आवासीय हिस्से और प्रशासनिक भवन शामिल थे। यहां हजारों कर्मचारी काम करते थे।
  • बेहद हाई-सिक्योरिटी: पूरे परिसर के चारों ओर ऊंची दीवारें, कई सुरक्षा घेरे और सीमित प्रवेश व्यवस्था थी। इसे ईरान के सबसे सुरक्षित परिसरों में गिना जाता था।